उत्तराखंडः मंत्रियों और राज्यमंत्रियों के विभागों की सूची तैयार

मंत्रियों और राज्यमंत्रियों की ताजपोशी के बाद अब उनके विभागों की सूची का इंतजार हो रहा है। शनिवार को मुख्यमंत्री ने आलाधिकारियों के साथ मंत्रियों के विभागों के आवंटन को लेकर कसरत की।

रविवार को जारी हो सकती है सूची

सूत्रों के मुताबिक, सूची तैयार हो गई है और रविवार को जारी हो सकती है। लोनिवि, वित्त और आबकारी सरीखे अहम विभाग मुख्यमंत्री अपने पास रख सकते हैं। उन मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होने की संभावना कम मानी जा रही है जो त्रिवेंद्र मंडल में शामिल थे।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि मंत्रियों के विभागों के आवंटन की सूची जल्द जारी हो जाएगी। उधर, विभागों के आवंटन की सूची को लेकर मंत्री व राज्यमंत्री भी इंतजार करते रहे। उनके समर्थकों और पार्टी विधायकों में भी यह जानने की उत्सुकता रही कि किस मंत्री को कौन सा विभाग मिल रहा है?

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शनिवार को सेफ हाउस में अपने सचिव अमित सिंह नेगी और शैलेश बगोली के साथ बैठकर मंत्रियों व राज्य मंत्रियों के विभागों के आवंटन पर मंथन किया। करीब ढाई घंटे की चर्चा के बाद सूची फाइनल की गई। मंत्रियों के विभागों की सूची फाइनल करने के बाद मुख्यमंत्री संगठन के पदाधिकारियों के साथ इस पर एक बार मंथन करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद सूची जारी कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *