लापता युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनो ने कहा हत्या की आशंका
दैनिक राईट बुलेटिन रूडकी
लापता युवक का शव ससुराल के पास जंगल में पेड़ से लटका मिला। युवक पत्नी को लेने आया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जमकर हंगामा किया।
पुलिस के मुताबिक सन्नी निवासी ग्राम कपासा, थाना नागल, जिला सहारनपुर, कई सालों से कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में अपने नाना जयराम के यहां रहता था। दरियापुर गांव में सन्नी डीजे बजाने और लोडर चलाने का काम करता था। करीब दस माह पहले उसने नाना के परिवार में ही एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद से वह पत्नी के साथ सहारनपुर में रहने लगा था। दो माह बाद ही इनके बीच विवाद हो गया था। जिसके चलते उसकी पत्नी अपने गांव दरियापुर आ गई । चार दिन पूर्व सन्नी दरियापुर गांव में पत्नी को लेने आया था। पत्नी ने साथ जाने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद वह लापता हो गया था। सन्नी की मां लक्ष्मी ने नागल थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उत्तर प्रदेश पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। वहीं सोमवार को सन्नी का शव दरियापुर गांव के पास जंगल में जयपाल के खेत के पास एक पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद उसके नाना जयपाल और कपासा गांव से युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनो ने युवक का शव पेड़ से नहीं उतरने दिया। उन्होंने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। सन्नी के नाना जयपाल और अन्य स्वजनों का कहना था कि सन्नी ने हाल ही में लोडर बेचा था। जिसके डेढ़ लाख रुपये भी उसके पास थे, लेकिन अब रुपये गायब है। स्वजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी कलियर जगमोहन रमोला ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की छानबीन कर कार्रवाई करेगी।